गोला के हाईवे रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के सर्विस मार्ग पर गुणवत्ता की जांच करती टीम। स्रोत सोशल
गोला गोकर्णनाथ। एनएच-730 पर गोला रेलवे जंगल वाली क्रॉसिंग के निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर सावन से पहले यातायात शुरू होने की उम्मीद है। लखनऊ से आई टीम ने ओवरब्रिज की लोड टेस्टिंग और गुणवत्ता परीक्षण किया। रिपोर्ट आने के बाद अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस बीच ओवरब्रिज पर रंग-रोगन का कार्य भी कराया जा रहा है।
फरवरी, 2021 में 67 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुए ओवरब्रिज का निर्माण अब अंतिम चरण में है। दो माह पहले ओवरब्रिज की दीवार में दरारें आने और गांठें उभरने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठे थे। इसके बाद नेलिंग मेथड से मरम्मत कराई गई।
कार्यदायी संस्था विजय कंस्ट्रक्शन के साइट इंचार्ज इंजीनियर दिलीप कुमार ने बताया कि सावन से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। ओवरब्रिज की लोड टेस्टिंग और गुणवत्ता परीक्षण हो चुका है। अब रिपोर्ट आने का इंतजार है।