गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर के बाद अब गोला डिपो को महिला परिचालक मिली हैं। उनका सात दिवसीय प्रशिक्षण शुरू करा दिया गया है। साथ ही चार पुरुष चालक मिले हैं। डिपो पर अब तक चालक-परिचालकों की कमी थी, जिससे अब कुछ राहत मिलेगी।
गोला रोडवेज डिपो पर जल्द ही चालकों-परिचालकों की कमी पूरी हो सकती है। गोला डिपो पर 96 बसें निगम, 31 बसें अनुबंधित सहित 127 बसें हैं। बसों के सापेक्ष 298 परिचालक होने चाहिए, मौजूदा समय में 222 हैं। वहीं 235 चालक होने चाहिए, जिसके सापेक्ष 205 हैं। अब छह परिचालक और चार चालक मिले हैं, जिससे कुछ हद तक राहत संभव है।
एआरएम महेश चंद कमल ने बताया कि छह महिला परिचालक मिली हैं, जिनको लोकल रूट की बसों पर नियुक्त किया गया है। साथ ही चार पुरुष चालक मिले हैं। गोला डिपो पर परिचालक और चालकों की कमी थी, जिसके चलते बस संचालन में दिक्कतें होती थीं। अब चालकों व परिचालकों के मिलने से व्यवस्था में सुधार होगा। बताया कि शीघ्र ही गोला रोडवेज डिपो पर रोजगार मेला के दौरान संविदा चालकों का चयन होगा। निर्देश आ गए हैं, लेकिन अभी तिथि निर्धारित नहीं है।