गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव विलियमगंज में अज्ञात कारणों से लगी आग में पशुबाड़ा समेत तीन घर जल गए। इसमें एक बकरी जलकर मर गई तो वहीं दो मवेशी झुलस गए। आग लगने से करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
मंगलवार की दोपहर गांव निवासी भगवानदीन के पशुबाड़े में अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने पड़ोस के अशर्फीलाल और वीरेंद्र कुमार के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से पशुबाड़े में छप्पर के नीचे बंधी बकरी जलकर मर गई, वहीं एक भैंस और पडिया गंभीर रूप से झुलस गई। गांव वालों ने किसी तरह बोरिंग, ट्यूबवेल आदि चलाकर आग पर काबू पाया। आग लगने से भगवानदीन, अशर्फीलाल, वीरेंद्र कुमार का करीब ढाई लाख रुपए का नुकसान हो गया है। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल अनिल त्रिपाठी के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों ने मौका मुआयना कर नुकसान की रिपोर्ट तहसील के उच्च अधिकारियों को भेजी है। संवाद