छुट्टी होने के बाद साइकिलों से घर लौट रहीं कुछ छात्राओं से मनचलों ने सरेराह पलिया-लखीमपुर हाईवे पर छेड़छाड़ कर दी। छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और एक मनचले को दबोच लिया, जबकि अन्य युवक मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंचे राहगीरों की मदद से छात्राओं ने मनचले की जमकर पिटाई की। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती उससे पहले ही आरोपी चकमा देकर भाग निकले। छात्राओं ने घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
मंगलवार शाम स्कूल से छुट्टी के बाद कुछ छात्राएं शहर से घर जा रही थीं। पलिया-शारदानगर हाईवे पर सैधरी स्थित बंद पड़े कोल्ड स्टोरेज के पास कुछ मनचलों ने छात्राओं से सरेराह छेड़छाड़ शुरू कर दी। बेखौफ मनचले छात्राओं को पकड़कर इधर-उधर घसीटने लगे। छात्राओं ने शोर मचाया और हिम्मत दिखाते हुए एक मनचले को पकड़ लिया। इस पर कई लोग मौके पर पहुंच गए। यह देख अन्य मनचले मौके से भाग निकले। लोगों ने छात्राओं के हत्थे चढ़े मनचले की जमकर धुनाई की। इसी बीच छात्राओं ने परिवार वालों को भी जानकारी दी। हालांकि आरोपी के माफी मांगने के बाद छात्राओं ने उसे छोड़ दिया। उधर मौके पर पहुंचे घरवालों ने भी बदनामी के डर से कोई कार्रवाई नहीं की। चौकी प्रभारी अवधेश यादव ने कहा कि छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। अगर परिवारवाले तहरीर देंगे तो आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।