दीपावली के मौके पर एक दूसरे को शुभकामनाएं देने के साथ उपहारों के आदान प्रदान की परंपरा के चलते शहर का बाजार गिफ्ट आइटमों से पट गया है। उपहार देने के लिए लोग डिब्बा बंद ब्रांडेड मिठाइयों के अलावा ड्राई फ्रूट और चॉकलेट के साथ बर्तनों और चांदी के सिक्कों आदि को तरजीह दे रहे हैं। त्योहारों पर मिलावटखोरी और पहले से बनी बासी मिठाइयां स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह होने के कारण लोग पूजा के लिए मिठाइयां खरीद तो रहे हैं लेकिन उपहार में देने के लिए लोग ब्रांडेड मिठाइयों को ही वरीयता दे रहे है। इन दिनों बाजार ब्रांडेड मिठाइयों से पटा पड़ा है। उपहारों के आदान प्रदान के लिए लोग अभी से आकर्षक पैकिंग वाली ब्रांडेड मिठाइयां खरीद रहे हैं। ब्रांडेड मिठाइयों के अलावा बाजार में ड्राईफ्रूट के आकर्षक पैक उपलब्ध हैं। यह ड्राईफ्रूट के पैक दो सौ रुपये से लेकर पांच हजार तक हैं। इस बार ड्राई फ्रूट के गिफ्ट पैक की बिक्री पिछले साल से ज्यादा है। साथ ही विभिन्न ब्रांडों के चाकलेट के गिफ्ट पैक बाजार की शोभा बढ़ा रहे हैं। कई व्यापारी अपने कर्मचारियों को मिठाइयों के साथ बर्तन आदि उपहार देने के लिए स्टेनलेस स्टील के बर्तनों और चांदी के सिक्कों की खरीदारी कर रहे है। धनतेरस के दो दिन पहले बुधवार को भी बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ गिफ्ट आइटम की दुकानों पर ही दिखाई दी। इसके अलावा रेडीमेड गारमेंट की दुकानों पर भी काफी रौनक रही। बाजार में भीड़ के चलते सड़कों पर जाम की स्थिति रही।