23 से 26 अप्रैल तक होने वाले 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं युवा सम्मेलन के लिए रविवार को बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज परिसर में भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही शक्ति कलश की स्थापना हुई और यज्ञ के साथ उद्बोधन भी हुआ।
गौरतलब है कि स्थानीय अखिल विश्व गायत्री परिवार 23 से 26 अप्रैल तक बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज परिसर में 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं युवा सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इसके लिए पूर्व में शांतिकुंज हरिद्वार से कलश में गंगाजल लाया जा चुका है, इसी क्रम में रविवार को चयनित स्थल पर भूमि पूजन किया गया। पूजन मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष केबी गुप्ता व उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी गुप्ता ने किया और इसे परिवार के जिला प्रभारी राम खिलावन निषाद एवं शत्रोहन लाल शुक्ला ने संपन्न कराया। इसके बाद एक कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसको पंडित बृजेंद्र त्रिपाठी ने संपन्न कराया और परिवार के सदस्यों ने इसमें आहूतियां दीं। इसके बाद वक्ताओं ने उद्बोधन किया। इसमें ब्रम्हादीन मौर्या, जगन्नाथ प्रसाद मौर्य, निरंकार प्रसाद बरनवाल, प्रेम प्रकाश मौर्य, जगदीश प्रसाद मौर्य, विनोद गुप्ता, विनय सिंह, वेदराम मौर्य, मीरा देवी आदि मौजूद रहे।