लखीमपुर खीरी। सर्दियों के आगमन के साथ ही बाजारों में गजक, चिक्की और मूंगफली की मांग तेजी से बढ़ गई है। शहर के मुख्य बाजार, रोडवेज, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जगह-जगह ये उत्पाद बिक रहे हैं। पहले गजक और चिक्की स्थानीय स्तर पर ही बनकर बाजार में आती थी, लेकिन अब बाहर से भी बड़ी मात्रा में सप्लाई होने लगी है। बरेली और लखनऊ से गजक व गुड़ की चिक्की मंगाई जा रही है, जबकि मूंगफली का अधिकांश स्टॉक राजस्थान से पहुंच रहा है।
ठंड बढ़ते ही इन उत्पादों की बिक्री अचानक तेज हो जाती है। खासकर शाम के समय इन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग गजक और चिक्की को स्वाद के साथ स्वास्थ्य के लिहाज से भी फायदेमंद मानते हैं। यही कारण है कि यह कारोबार अब केवल रेहड़ी-पटरी तक सीमित न रहकर बड़ी-बड़ी दुकानों तक फैल चुका है।