लखीमपुर खीरी। ई-खसरा सर्वे में और सुधार देखने को मिला है। 39 से अब 18वे नंबर पर अपना जिला आया है। दस दिन पहले जिला 66वां स्थान था। पहले की अपेक्षा अब तक काफी सुधार हो चुका है। जिले में 10,70,356 गाटों का सर्वे किया जाना है, जिसमें 30 सितंबर तक 7,00,415 यानी 69.93 प्रतिशत सर्वे का काम पूरा हो चुका है।
उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र ने बताया कि डीएम ने प्रतिदिन शाम पांच बजे सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा व उप कृषि निदेशक के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की, जिससे रैंकिंग में सुधार हुआ। जनपद ने एक सप्ताह में 48 पायदान की उछाल ली है।
डीएम ने पांच अक्तूबर तक तक ई-खसरा पड़ताल का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वे कार्य में पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, प्राविधिक सहायक, एटीएम, बीटीएम तथा निजी सर्वेयर लगाए गए हैं।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि 30 सितंबर को जनपद में 665 सर्वेयर कार्य कर रहे थे। ग्राम उदरहना, विकास खंड लखीमपुर में ई. खसरा पड़ताल (खरीफ 2025) का प्रशिक्षु आईएएस मनीशा धारवे ने मौके पर जाकर फीडबैक भी लिया।