खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दिवाली के मद्देनजर बाजार में खाद्य पदार्थों की दुकानों पर छापेमारी शुुरू कर दी है। शुक्रवार को टीम ने शहर के प्रमुख बाजार में दुकानों पर निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के आठ नमूने भरे। इसके अलावा टीम ने ठेले और खोमचे पर निरीक्षण कर साफ-सफाई के संबंध में निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान बाजार में हड़कंप रहा, कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
अभिहित अधिकारी डॉ अमर सिंह वर्मा और नायब तहसीलदार ओपी मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले खोया मंडी में छापेमारी कर खोया के दो नमूने लिए। राजू किराना की दुकान से अरहर, ओम और सुदामा स्वीट्स से मिठाई, पुरानी गल्ला मंडी स्थित राकेश गुप्ता की दुकान से राइस ब्रान ऑयल, रमाकांत गुप्ता की आटा चक्की से आटे और दयाल डेयरी से दही का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने ठेले और खोमचे पर चाट, फल आदि बेचने वाले दुकानदारों को साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीएन सिंह, एमपी सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अभिहित अधिकारी ने बताया कि शनिवार को भी शहर में अभियान चलेगा, जिसके बाद तहसील मुख्यालयों पर छापेमारी की जाएगी।