खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को महेवागंज स्थित शंकर बिस्कुट फैक्ट्री पर छापा मारकर बिस्कुट के नमूने लिए। फैक्ट्री में साफ-सफाई का अभाव दिखा, जिसके लिए फैक्ट्री मालिक को इंप्रूवमेंट नोटिस दी जाएगी। इसके अलावा दो तेल ट्रेडिंग कंपनियों पर भी टीम ने छापा मारकर तेल का सैंपल लिया है। गोला गोकर्णनाथ में भी टीम ने दो प्रतिष्ठानों से दूध और मिठाई के नमूने भरे हैं।
अभिहित अधिकारी डॉ अमर सिंह वर्मा के नेतृत्व में टीम ने महेवागंज स्थित शंकर बिस्कुट फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां काफी अनियमितताएं मिलीं। मसलन वाशबेसिन नहीं लगा था, फर्श भी ठीक नहीं मिला। इसके अलावा बिस्कुट बनाने में लगे कारीगर बगैर ड्रेस, ग्लब्स, हेयर कैप, फुटवियर के काम करते मिले। अभिहित अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री मालिक को इप्रूवमेंट नोटिस देकर 14 दिन में सुधार का समय दिया जाएगा। इसके बाद संतोषजनक स्थिति न पाए जाने पर लाइसेंस के निलंबन से लेकर निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद देवकली रोड स्थित विकास ऑयल ट्रेडिंग कंपनी पर छापे के दौरान गड़बड़ी मिली है, जिसके लिए इप्रूवमेंट नोटिस जारी की जाएगी। मोहल्ला द्वारिकपुरी स्थित त्रिवेनी ट्रेडिंग कंपनी से तेल का नमूना भरा गया और सुधार के लिए इंप्रूवमेंट नोटिस दी जाएगी। उधर गोला में टीम ने दयाल डेयरी से दूध और गायत्री स्वीट्स से बेसन पपड़ी का नमूना लिया है।