बार-बार होने वाली बारिश से किसान भले ही हलकान हों लेकिन वन विभाग काफी राहत महसूस कर रहा है। बारिश से जंगलों में आग लगने का खतरा कम हो गया है। इसके बावजूद गर्मी बढ़ने के साथ ही वन विभाग ने जंगलों में संभावित आग को रोकने की कवायद तेज कर दी है।
डीएफओ साउथ नीरज कुमार ने बताया कि वन विभाग जंगल के आस-पास बसे गांवों में लोगों को आग से बचाव के लिए जागरूक कर रहा है। गांवों में गोष्ठियां की जा रही हैं। फायर लाइन को अपडेट किया जा रहा है। आग पर नियंत्रण के लिए क्रू प्वाइंट पर वॉचर तैनात किए गए हैं। सड़क किनारे वनकर्मियों के जरिए निगरानी कराई जा रही है। जंगल के आसपास मवेशी चराने वाले चरवाहों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में बार-बार बार बारिश होने से जंगलों में आग का खतरा फिलहाल कम हो गया है लेकिन वन विभाग पूरी चौकसी बरत रहा है। इसके लिए जंगल के आस-पास बसे गांवों में लोगों को जागरूक करने के साथ जंगलों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।