निघासन (लखीमपुर खीरी)। मोबाइल फाइनेंस और 20 हजार रुपये तक का कर्ज दिलाने का झांसा देकर एक फाइनेंस कंपनी लोगों से लाखों रुपये ठगकर भाग गई। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के पलिया रोड पर किराये की दुकान में दो फरवरी को एक कंपनी खोली गई थी, जिसके पर्चे छपवाकर गांव में भी बांटे गए थे। पंफलेट पर 20 हजार रुपये तक का कर्ज या मोबाइल फाइनेंस के नाम पर राशि देने की बात लिखी थी। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पैनकार्ड, आधार कार्ड और एक फोटो लाना अनिवार्य था। उसके बदले में 99 रुपये का एक कार्ड बनने के बाद मोबाइल या पैसा देने की बात लिखी थी।
भजनपुरवा निवासी रामू और राजकुमार, बिहारीपुरवा निवासी प्रकाश और विमल, मंझिली पुरवा निवासी जगदीश, प्रेमा, सोनापती और कस्बे के सोहन, सवितादीन, राजेश, सुरेंद्र आदि ने बताया कि रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कंपनी ने 99 रुपये के अलावा अन्य खर्चे आदि मिलाकर छह सौ रुपये उनसे लिए गए। कंपनी 10 दिनों तक खुली रही। आरोप है कि इस दौरान कंपनी ने कई लोगों से करीब 12 लाख रुपये की वसूली की और 25 फरवरी के बाद मोबाइल और राशि देने का आश्वासन दिया, लेकिन समय पूरा होने से पहले ही रात में कंपनी सारा पैसा लेकर भाग गई। मुकेश ने बताया कि उस कंपनी में दो व्यक्तियों के अलावा एक महिला भी शामिल थी। कार्ड पर लिखे गए मोबाइल नंबर भी अब बंद आ रहे हैं। कई दिनों तक जब वह दुकान नहीं खुली, तब लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
पलिया रोड पर एक दुकान लेकर फाइनेंस कंपनी खोले जाने की सूचना मिली है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। -दिलेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक