पलिया सीएचसी के वार्ड में भर्ती प्लेटलेट्स कम होने लाले मरीज।
लखीमपुर खीरी। जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ने के साथ बुखार जानलेवा हो गया है। बुधवार को मैगलगंज में चार और मोहम्मदी में बुखार से एक युवक की मौत हो गई। घरवालों का कहना है कि बुखार आने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर जांच में डेंगू बुखार होना बताया गया। इलाज के दौरान इन लोगों की मौत हो गई।
मैगलगंज। कस्बे में बुखार का प्रकोप जारी है। मोहल्ला पुरानी बस्ती निवासी 40 वर्षीय बड़क्के यादव पुत्र मैकू यादव, 26 वर्षीय कुलदीप राठौर एवं 37 वर्षीय शिखा गुप्ता की बुखार के चलते मौत हो गई। करीब तीन किलोमीटर पर स्थित गांव बाईकुआं निवासी मनीष दीक्षित की भी बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई। अंकुर गुप्ता ने बताया कि पत्नी शिखा गुप्ता की डेंगू जांच पॉजिटिव आई थी। उनका इलाज शाहजहांपुर में चल रहा था। हालत गंभीर होने पर बुधवार को लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में शिखा की मौत हो गई। वहीं अन्य मृतकों के घरवाले बुखार से ही मौत होना बता रहे हैं।
मोहम्मदी। कस्बा के मोहल्ला नई बस्ती निवासी 28 वर्षीय मुजीब बुखार से पीड़ित थे। उनका इलाज निजी अस्पताल में गैर जनपद में हो रहा था। बताते हैं इलाज के दौरान मुजीब की मौत हो गई। घरवालों ने बुधवार दोपहर बाद अंतिम संस्कार भी कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मयंक मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत के मामले की जानकारी नहीं है। इसकी पड़ताल कराई जाएगी।
सीएचसी पलिया में बुखार पीड़ितों से वार्ड फुल
पलियाकलां। बुधवार को सीएचसी की ओपीडी में 400 से अधिक मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादातर लोग बुखार की चपेट में थे। गंभीर स्थिति में आने वाले बुखार मरीजों को भर्ती करने से सीएचसी के दोनों वार्ड फुल हो गए हैं। वहीं 14 बुखार के रोगियों में प्लेटलेट्स कम होने की बात सामने आई है। इनका इलाज भर्ती कर हो रहा है। हालांकि जांच में न तो डेंगू की पुष्टि हुई है और न ही मलेरिया की।
डाॅ. अजीत सिंह ने बताया कि वायरल बुखार में भी डेंगू के लक्षण मिल रहे हैं। ऐसे में मरीजों को सेहत का ख्याल रखने के लिए कहा जा रहा है। सीएचसी पर प्लेटलेट्स कम होने के कई मरीज भर्ती हैं। संवाद