कुछ इस तरह के भेजे गए खोजी बॉक्स।स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। जिले के चार राजकीय इंटर कॉलेजों को रसायन, भौतिक गणित व पजल्स के खोजी बॉक्स मिले हैं। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेजों के विद्यार्थियों में विज्ञान वर्ग को मजबूत नींव प्रदान करने के उद्देश्य को लेकर यह पहल की गई है। बताया कि उक्त विषयों के खोजी बॉक्स का पठन पाठन में उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग आईआईटी गांधीनगर गुजरात द्वारा ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित करने की तिथियां जारी कर दी गयी हैं।
कहा कि भौतिक विज्ञान खोजी बॉक्स के लिए प्रशिक्षण 25 नवंबर को 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। वहीं 26 नवंबर को रसायन विज्ञान, गणित व पजल्स के लिए 27 नवंबर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डॉ. दिनेश ने बताया कि खोजी बॉक्स प्राप्त कर चुके राजकीय इंटर कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को समय से ऑनलाइन प्रशिक्षण में हिस्सा लेने के निर्देश दिया गया है। जिन स्कूलों में खोजी बॉक्स मिले हैं उनमें राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लखीमपुर, राजकीय इंटर कॉलेज धाैरहरा और शारदानगर शामिल हैं।