शारदानगर मार्ग पर गंगाबेहड़ पुलिया के पास हुआ हादसा
मृतकों में सभी एक ही परिवार के सदस्य, मातम में परिवार
महेवागंज। रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार बस ने शारदानगर मार्ग पर गंगाबेहड़ पुलिया के पास एक बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार चार लोग सड़क पार खेत में जा गिरे। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार युवक रिश्तेदारी से अपने घर धौरहरा जा रहा था। उधर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से परिवार समेत गांव में मातम है।
कोतवाली सदर के धौरहरा निवासी सरवन (23) पुत्र श्रीराम शनिवार की शाम अपनी मां महाराजा देवी (55), भाभी प्रज्ञा देवी (36) और पुत्री लकी (5) के साथ फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में ब्याही अपनी बहन की बीमार सास को देखने गया था। पकरिया में ही शनिवार की रात बिताकर रविवार सुबह आठ बजे चारों लोग एक बाइक पर सवार होकर अपने घर धौरहरा लौट रहे थे। इसी बीच शारदानगर मार्ग पर इंदिरा मनोरंजन पार्क के आगे गंगाबेहड़ पुलिया के पास लखीमपुर जा रही एक मिनी यात्री बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक और उस पर सवार चारों लोग सड़क से उछलकर मैदान में जा गिरे। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में बाइक चालक सरवन समेत उसकी भाभी प्रज्ञा देवी, मां महाराजा देवी और बेटी लकी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, एक ही परिवार में हुई चार मौतों की खबर से गांव में मातम है। वहीं, हादसे के बाद चालक ने बस समेत भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर बस को बस स्टैंड से कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हुई है। बस को कब्जे में लिया गया है। चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।