लखीमपुर खीरी। कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उनकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मुखबिर की सूचना पर चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में जिलाउद्दीन निवासी ग्राम ओदरहना, रामभूखन निवासी चहमलपुर, अक्षय कुमार निवासी बुढ़नापुर और अजय निवासी बहेलियन टोला महेवागंज शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदल देते थे, ताकि पहचान न हो सके और मौका मिलते ही उन्हें बेच देते थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। संवाद