निघासन। ग्रंट नंबर-12 गांव के बीचोंबीच बनी इंटरलॉकिंग सड़क सोमवार को शारदा नदी के कटान की जद में आ गई। अधर में लटकी सड़क को देखकर ग्रामीण सहमे हुए हैं। सड़क के दोनों ओर पक्के मकानों की पंक्ति थी। एक तरफ का पूरा हिस्सा पहले ही नदी में बह चुका है। अब दूसरी ओर भी खतरा मंडरा रहा है।
सोमवार सुबह कटान तेज हुआ तो गांव की श्यामकली, अर्चना, कन्या देवी और रोशन के पक्के मकान नदी की धारा में समा गए। मकान ढहते ही ग्रामीण गृहस्थी का सामान निकालकर सड़क किनारे डेरा डालने के लिए मजबूर हो गए।
कटान पीड़ितों का कहना है कि शारदा अब विकराल रूप ले चुकी है। क्षेत्रीय लेखपाल श्याम नंदन मिश्र ने बताया कि कटान की जद में आने वालों से घरों को खाली करने के लिए कहा गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, अब तक गांव के करीब छह दर्जन मकान शारदा की धारा में समा चुके हैं। हालात ये हैं कि पूरा गांव कटान की जद में है और लोग हर दिन डर के साए में जी रहे हैं। गांव में खेतों का कटान होने से फसलें और पशुओं का चार भी नष्ट हो गया है। ऐसे में गांव के लोगों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
तहसीलदार मुकेश वर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को गांव में तैनात किया गया है। कटान पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आज भारी बारिश की संभावना
लखीमपुर खीरी। बीती रात से शुरू हुई रुक-रुककर बारिश का सिलसिला सोमवार को पूरे दिन तक चलता रहा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 58 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने आज यलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश के साथ बिजली चमकने व तेज हवा चलने की संभावना जताई है। संवाद