डेबर घाट पर ग्रामीणों से बात करते सीओ और एसडीएम। संवाद
धौरहरा (खीरी)। ईसानगर थाना क्षेत्र में शारदा नदी के डेबर घाट पर बन रहे पुल को देखने गए चार बच्चे नहाने के दौरान नदी में डूब गए। एसडीएम ने गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कराई। दो बच्चों के शव बरामद हो गए हैं, जबकि दो का अभी पता नहीं चल सका है। फ्लड पीएसी बुलाई गई है, अन्य बच्चों की तलाश जारी है। घटना से क्षेत्र में कोहराम मचा हुआ है।
धौरहरा तहसील क्षेत्र में सीतापुर जिले के तंबौर की सीमा पर बन रहा डेबर घाट पुल इन दिनों चर्चा में है। लोग इसके निर्माण को देखने पहुंच रहे हैं। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे हसनपुर कटौली गांव निवासी दीपक दीक्षित का 13 वर्षीय पुत्र देवांश, गौतम शुक्ला का 13 वर्षीय पुत्र राहुल, विनोद शुक्ला का 14 वर्षीय पुत्र विनाश और मनोज मिश्रा का 14 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष दोस्तों के साथ शारदा नदी में बन रहे डेबर घाट पुल को देखने गए थे।
इसी दौरान चारों बच्चे नदी में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय नदी के तेज बहाव में चारों डूब गए। सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे ईसानगर प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार गंगवार, सीओ शमशेर बहादुर सिंह, एसडीएम राजेश कुमार और तहसीलदार आदित्य विशाल ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कराई। एक घंटे के बाद गोताखोरों ने विनाश और उत्कर्ष के शव बरामद कर लिए हैं। देवांश और राहुल की नदी में तलाश जारी है।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया घटना स्थल धौरहरा और सीतापुर जिले की सीमा पर है। गोताखोरों ने दो बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। फ्लड पीएसी बुलाई है। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान जारी है।