चंदनचौकी कौतवाली पुलिस की गिरफ्त में धर्मांतरण के आरोपी। स्रोत पुलिस
पलियाकलां/चंदनचौकी। पोया गांव में थारू क्षेत्र के लोगों को प्रलोभन व लालच देकर धर्मांतरण की शिकायत के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी थारू क्षेत्र के ही हैं।
इन पर क्षेत्र के लोगों का धर्म परिवर्तन कराने और ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है। पुलिस ने सभी पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए उनका चालान किया है। चंदनचौकी कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि गोला निवासी विहिप के संगठन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायतीपत्र दिया था।
जिसमें उन्होंने पोया गांव में ईसाई धर्मसभा का आयोजन कर थारू क्षेत्र के लोगों का धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने छानबीन की और चंदनचौकी के पोया गांव में शेर सिंह राना के घर पर छापा मारा। यहां ईसाई धर्मसभा का आयोजन किया जा रहा था। थारू क्षेत्र के लोगों को नौकरी व रुपयों का लालच देकर हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में धर्मांतरण कराने का कार्य हो रहा था।
जिसके बाद पुलिस ने मौके से नेकीराम पुत्र बाबूराम, रामकिशोर पुत्र मेघनाथ निवासी नझोटा, शेर सिंह राना पुत्र बदलूराम निवासी पोया व धर्मवीर सिंह राना पुत्र फट्टू निवासी बिरियाखेड़ा को गिरफ्तार किया। इनके पास से धार्मिक पुस्तक समेत अन्य चीजें बरामद हुईं। सभी पर धर्म परिवर्तन की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उनका चालान किया गया है।