लखीमपुर खीरी। जिले की राइस मिलों से लिए गए सैंपलों में फोर्टिफाइड चावल में आयरन मानक से कम पाया गया है। इससे कोई विशेष नुकसान तो नहीं है, लेकिन शरीर को पर्याप्त मात्रा में आयरन नहीं मिल पाएगा। इसके अलावा कर्नेल में आयरन की मात्रा अधिक मिली है, जबकि दोनों में मात्रा सामान्य होनी चाहिए।
खाद्य सुरक्षा की प्रयोगशाला से आई 10 जांच रिपोर्ट में सात के नमूने फेल आए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि फोर्टिफाइड चावल के चार व कर्नेल के तीन नमूने फेल हैं। फोर्टिफाइड चावल में 72 से 106 ग्राम प्रतिकिलो आयरन होना चाहिए, जो जांच में 36 पाया गया, जो काफी मानक में कम है।
वहीं कर्नेल 28 से 42.5 ग्राम प्रति किलो होना चाहिए, लेकिन जांच में 72 ग्राम आया है, जो मानक से अधिक है। ऐसे में अब राइस मिलों के साथ ही निर्माताओं को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद एडीएम कोर्ट में वाद दायर कर मुकदमा चलाया जाएगा। अन्य मिलों पर भी चावल के नमूने लिए जाएंगे।