गोला रेंज में काटे गए सागौन पेड़ की मुड्डी।
बांकेगंज। दक्षिण खीरी वन प्रभाग की गोला रेंज में वन निगम ने चिह्नित किए गए सूखे पेड़ों के साथ ही सागौन के 13 हरे पेड़ काट लिए गए। नौ पेड़ की लकड़ी भी गायब कर दी गई। खुलासा होने पर रेंजर ने वन निगम के इकाई अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दक्षिण खीरी वन प्रभाग की गोला रेंज की पश्चिम बीट कंपार्टमेंट एक में वन निगम ने सागौन के 279 सूखे पेड़ों को कटान के लिए चिह्नित किया था। वन निगम के सेक्शन अफसर आरपी सिंह को बाउंड्री रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराकर कटान किए जाने वाले सागौन के पेड़ वन विभाग ने हैंडओवर कर दिए।
वन निगम ने चिह्नित किए गए 279 सूखे पेड़ों में से 150 पेड़ कटवा दिए। आरोप यह है कि इसकी आड़ में सागौन के 13 हरे पेड़ भी चोरी से काट लिए गए। नौ पेड़ों की लकड़ी भी गायब कर दी गई। रेंजर गोला संजीव तिवारी के साथ डीएफओ साउथ खीरी संजय बिस्वाल कटान की जांच करने पहुंचे और काटे गए पेड़ों की मुड्डियां गिनीं तो सागौन के 13 हरे पेड़ कटे पाए गए।
इस मामले में जब रेंजर ने वन निगम के सेक्शन अफसर से पूछताछ की तो तो वह कुछ बता नहीं सके। गोला के रेंजर संजीव तिवारी ने बताया कि वन निगम के इकाई अधिकारी ज्ञानदास मौर्य के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।