गांवों में आवासों के लिए चल रही योजनाओं का धन पाने के लिए शातिर लोग तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक में फर्जी आईडी से खाता खुलवाने आए एक व्यक्ति को बैंक मैनेजर ने पुलिस के हवाले कर दिया।
नयापुरवा निवासी एक व्यक्ति की पत्नी के नाम इंदिरा आवास स्वीकृत हुआ था। सूची में उस व्यक्ति की जगह पति का नाम किसी दूसरे व्यक्ति का आ गया। इससे उसे लगा कि आवास के लिए आया धन मिलने में रोड़े अटकेंगे। इस डर से उसने किसी दलाल से मिलकर 150 रुपये खर्च किए और पत्नी का नाम वही रखते हुए पति के नाम पर सूची में गलत दर्ज हुए व्यक्ति का नाम शामिल कराकर फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनवा लिया। इसी पहचान पत्र को लेकर वह पत्नी का खाता खुलवाने पंजाब नेशनल बैंक की शाखा जा पहुंचा, जहां उसकी पोल खुल गई और बैंक मैनेजर नवल किशोर ने उसको चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी आईडी बनी हैं इसके चलते रोजाना दो-चार लोगों को फर्जी आईडी के साथ पकड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक नसीहत देकर छोड़ दिया जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। फर्जी आईडी के साथ आए लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।