जिले में 1168 प्रधानों का निर्वाचन पूरा होने के बाद रविवार को ब्लाक मुख्यालयों पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 1067 प्रधानों और 13266 सदस्यों को बीडीओ और एडीओ पंचायत ने शपथ दिलाई। जबकि 100 प्रधान ग्राम पंचायत में कोरम पूरा न होने के कारण शपथ लेने से वंचित रह गए। लखीमपुर ब्लाक में बीडीओ अजय पांडे ने बताया कि 102 प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई है। सदर ब्लाक में सात ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा न होने के कारण वहां के प्रधान शपथ नहीं ले सके। वहीं नकहा ब्लाक में बढ़ईडीहा ग्राम पंचायत के प्रधान जय सिंह, नीलम, कंधई, मूलचंद, पुरुषोत्तम, संजय कुमार, किरन, सावित्री, नरेंद्र सिंह समेत सभी 73 प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
ईसानगर। ब्लाक सभागार में नवनिर्वाचित प्रधानों को शपथ दिलाई गई। यहां प्रधानों के देर से आने के कारण शपथ ग्रहण तय समय 11 बजे के बजाए डेढ़ बजेे हो सका। शपथ ग्रहण समारोहमें 81 ग्राम पंचायतों में 56 प्रधानों ने ही शपथ ली। जबकि 24 दो तिहाई बहुमत न होने के कारण शपथ नहीं ले पाए। बीडीओ अखिलेश कुमार चौबे ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में कोरम नहीं पूरा हुआ है, वहां विकास कार्य एडीओ पंचायत व बीडीओ देखेंगे। इस दौरान एडीओ पंचायत चंद्रशेखर के साथ स्वतंत्र त्रिवेदी, रामकृष्ण वर्मा, निर्भय झा, एमएम रब्बानी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। वहीं मिर्जापुर, बरारी, बिलौली, सरपतहा, मूडी, शंकरपुर, रायपुर, जठेरा, समैसा, गैसापुर, राजापुर, फत्तेपुर, जगदीशपुर, खमरिया खुर्द, परसिया, चंद्रासा खुर्द, मुरौव्वा, शेखपुर, चपकहा, गौढी, कमना, गोपालापुर, सुर्जनपुर, मुड़िया में दो तिहाई बहुमत न होने के कारण प्रधानों का शपथ ग्रहण नहीं हो सका।
धौरहरा। धौरहरा में बीडीओ रामसमुझ और रमियाबेहड़ में बीडीओ प्रणय कृष्ण ने ब्लाक सभागारों में प्रधानों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। जिनमें धौरहरा के 49 में 44 प्रधान ही शपथ ले सके। जबकि चकलाखीपुर, पैकापुर, मिर्जापुरवा, खरवहिया नंबर 1 और समरदा के प्रधान शपथ नहीं ले सके। वहीं रमियाबेहड़ में बीडीओ प्रणय कूष्ण ने सभी 48 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख रमियाबेहड़ अजय प्रकाश वर्मा भी मौजूद रहे।
धौरहरा में पुरुषों से अधिक हैं महिला प्रधान
धौरहरा ब्लाक में महिला प्रधानों का पलड़ा भारी है। शपथ ग्रहण में पहुंची कुल 44 प्रधानों में से 27 महिला प्रधानों ने शपथ ग्रहण किया। जबकि 17 पुरुष प्रधानों ने शपथ ली। वहीं रमियाबेहड़ के 48 में 22 महिला और 26 पुरुष प्रधानों ने शपथ ग्रहण किया।
गोला गोकर्णनाथ। ब्लाक कुंभी/गोला के ब्लाक सभागार में मुख्य अतिथि विधायक विनय तिवारी की मौमूदगी में निर्वाचित 72 प्रधानों को बीडीओ भूषण कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। ब्लाक कुंभी की 31 ग्राम पंचायतों की बागडोर महिलाओं ने संभाली है। ब्लाक कुंभी की 10 न्याय पंचायतों में 74 ग्राम पंचायतों में 72 प्रधानों ने निर्धारित समय से डेढ़ घंटा विलंब से अव्यवस्थाओं के बीच शपथ ली है। जबकि कोटखेरवा की प्रधान कलावती और गफ्फारनगर की प्रधान सावित्री देवी सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण शपथ लेने से वंचित रह गईं। इसके बाद शपथ पत्र पर प्रधानों के हस्ताक्षर कराने के बाद पुन: जमा करा लिया गया। इस मौके पर एडीओ पंचायत रामू अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य सत्यराम वर्मा, बालकराम, ललित कुमार सहित तमाम लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान काफी अव्यवस्थाएं हावी रहीं। प्रधानों संग आए सदस्यों और समर्थकों के कारण भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सभागार में जगह कम होने के कारण कुर्सियों पर प्रधानों की बजाए महिला प्रधानों के पति, समर्थक और सदस्य डटे रहे। जिस कारण महिला प्रधानों को सभागार में पीछे खड़े रहना पड़ा।
निघासन। शपथ ग्रहण समारोह में बीडीओ तेजवंत सिंह ने 66 में से 64 प्रधानों को शपथ दिलाई। इस दौरान सपा विधायक केजी पटेल, जिला पंचायत सदस्य व बेलरायां चीनी मिल उपाध्यक्ष अमन दीप सिंह, ज्वाला प्रसाद गुप्ता ने प्रधानों को उनके कर्तव्यों का बोध कराया। बरसोला कलां की पहली महिला प्रधान सोनिया ने भी प्रधानों को सही कार्य करने की बात कही। बीमारी के चलते जसनगर की प्रधान अमर जीत कौर शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आ सकीं। मोहबतिया बेहड़ में दो पंचायत सदस्य का चुनाव न होने के कारण वहां की प्रधान कुसुम को शपथ नहीं दिलाई गई। इस दौरान जेई पीपी सिंह, चमन राणा, दिलनवाज, एडीओ पंचायत शिवमोहन अवस्थी, पंचायत सचिव अनुज अवस्थी,ीओमप्रकाश, शिवप्रकाश दुबे, अरुण वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
बांकेगंज। क्षेत्र पंचायत प्रमुख इफ्तिखार खां उर्फ गुड्डू बाबू की अध्यक्षता में प्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। जिसमें बीडीओ भूषण कुमार ने 50 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पहले पंचायतों में निर्विरोध और सविरोध निर्वाचित हुए पंचायत सदस्यों को एडीओ पंचायत गोर्वधन प्रसाद राणा ने शपथ दिलाई। इस दौरान मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता यादव और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी गौतम ने प्रधानों को माल्र्यापण कर बधाई दी। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख इफ्तिखार खां, सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेश यादव, एडीओ पंचायत गोर्वधन प्रसाद राणा, हंसराम, गजराम सिंह, रियाजत अली, वसीम खान, मुकेश जायसवाल सहित प्रधान और उनके समर्थक मौजूद रहे।
मितौली। सपा विधायक सुनील कुमार लाला की मौजूदगी में बीडीओ राकेश प्रसाद ने 91 प्रधानों में 67 प्रधानों को शपथ दिलाई। साथ ही उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में लागू विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया। वहीं विधायक ने सभी प्रधानों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने प्रधान चुनकर भरोसा किया कि सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंचाए। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी पुत्तीलाल, ज्ञानेंद्र मिश्रा, उमाकांत, राजेश गौतम, मनोज कुमार, इंद्रजीत, रामचरन भार्गव, प्रधान संघ के अध्यक्ष सर्वेश सिंह, अजमेर अली, अजयपाल सिंह यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
बेहजम। ब्लाक सभागार मे बीडीओ अवधेश कुमार ने 81 में 58 ग्राम प्रधानों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जबकि शेष बचीं 23 ग्राम पंचायतों में कोरम के अभाव में प्रधान शपथ ग्रहण नहीं कर सके।
मोहम्मदी/जेबीगंज। तहसील के दोनों ब्लाक के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम ब्लाक मुख्यालय पर संपन्न हुआ। मोहम्मदी में बीडीओ एके सिंह ने 107 ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई। इसके अलावा उमरपुर के एक वार्ड को छोड़कर शेष सभी 1298 ग्राम पंचायत सदस्यों को ग्राम विकास अधिकारियों ने शपथ दिलाई। बता दें उमरपुर के वार्ड सात अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, लेकिन इस जाति का यहां कोई भी व्यक्ति निवास नहीं करता। इसलिए यह वार्ड रिक्त रहा। इस मौके पर एडीओ सोबरन लाल वाजपेई, ओमप्रकाश सिंह समेत तमाम प्रधान और उनके समर्थक मौजूद रहे।
पसगवां ब्लाक के 109 प्रधानों को बीडीओ संजय शर्मा ने शपथ दिलाई। इसके अलावा 1269 सदस्यों को ग्राम विकास अधिकारियों ने शपथ दिलाई। यहां 88 सदस्यों के पद रिक्त हैं। बीडीओ ने ग्राम पंचायत चुनाव में उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्राम विकास अधिकारी छोटे लाल और लिपिक जाहिद अली को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। समारोह में एडीओ पंचायत अभय प्रकाश वाजपेयी, रामऔतार राना आदि मौजूद रहे।
पलियाकलां। ब्लाक सभागार में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को बीडीओ शिवनायक वर्मा ने 76 में 75 प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। ब्लाक प्रमुख गुरप्रीत सिंह जार्जी ने प्रधानों को बधाई देते हुए बिना भेदभाव के विकास कार्य करने को कहा। जबकि सपा विधानसभा अध्यक्ष फुरकान अंसारी ने सपा सरकार की योजनाओं को बताया तथा शासन से निर्गत योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने की बात कही। शपथ ग्रहण के बाद प्रधानों का परिचय सम्मेलन भी हुआ। ब्लाक में खासा गहमागहमी का माहौल रहा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य पति करुन राना, जफर अहमद टीटू सहित तमाम लोग मौजूद रहे। वहीं ग्राम रामनगर में एक भी ग्राम पंचायत सदस्य का निर्वाचन प्रधान को शपथ नहीं दिलाई गई है।
बिजुआ। पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने वाले बिजुुुआ ब्लाक के सभी 80 ग्राम प्रधानों को ब्लाक सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। बीडीओ अशोक कुमार ने प्रधानों को शपथ दिलाने के बाद विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया। बीडीओ अशोक कुमार ने कहा कि पंचायतों के गठन के साथ ही प्रधानों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। गांव के विकास के लिए सभी वर्गों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाएंगें। कार्यक्रम को राज्यसभा सांसद रविप्रकाश वर्मा व विधायक विनय तिवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि गांवों में चुनाव के बाद आपस में मनमुटाव नहीं रखना चाहिए। गांव की खुली बैठकों में बनने वाले प्रस्ताव ही असली विकास की धुरी बनते हैं।
ईसानगर/पलियाकलां। ईसानगर ब्लाक की बेहटा ग्राम पंचायत में सबसे कम उम्र की प्रीती कटियार ग्राम प्रधान बनी हैं। वह 23 वर्ष की हैं और बीए कर चुकी हैं। इसी तरह पलिया ब्लाक में बेलाकलां के नवनिर्वाचित प्रधान 24 वर्षीय अरविंद कुमार ने कम उम्र में प्रधानी का चुनाव जीता है। दोनों ने रविवार को शपथ ग्रहण किया।
26 को पहली बैठक में इन समितियों का होगा गठन
ईसानगर। नवगठित ग्राम पंचायतों में 26 दिसंबर को पहली बैठक होगी। जिसमें नियोजन विकास समिति, शिक्षा समिति, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति, निर्माण कार्य समिति, जल प्रबंधन समिति, प्रशासनिक समिति का गठन होगा।