लखीमपुर खीरी। मौसम के तेवर सर्द बने हुए हैं। रविवार को भी सुबह से दोपहर तक कोहरे की चादर छाई रही और पाला भी गिरता रहा, जिससे गलन के साथ कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप निकली, जिससे कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी तीन-चार दिन तक कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
तराई में कोहरे का प्रकोप लगातार अपना प्रभाव बनाए हुए है, जिससे वाहन चालकों को कम दृश्यता की समस्या से जूझना पड़ रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि तराई क्षेत्रों में अभी तीन-चार दिन तक कोहरा छाया रहेगा, जिससे दोपहर बाद धूप निकलेगी। तापमान में अभी और गिरावट आएगी, जो सप्ताह भर तक जारी रहेगा।