परीक्षा से पहले केंद्र पर तलाशी लेते चीफ प्रॉक्टर डाॅ. सुभाष चंद्रा। स्रोत : कॉलेज प्रशासन
लखीमपुर खीरी। लखनऊ यूनिवर्सिटी से संबद्ध शहर के युवराज दत्त (वाईडी) महाविद्यालय में सोमवार को हुई विषम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान दो नकलचियों को सचल दल ने नकल करते धर दबोचा। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, अब तक छह नकलचियों को पकड़ा जा चुका है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि महाविद्यालय में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। सोमवार को आयोजित हुई परीक्षाओं में बीए, बीएससी, बीकॉम तथा एमए (अंग्रेज़ी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, इतिहास, दर्शनशास्त्र व हिंदी) के कुल 1610 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1583 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 27 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। बताया कि कॉलेज में परीक्षा के दौरान सचल दल कक्षों में जाकर परीक्षाओं का जायजा ले रहा था। इसी दौरान दो नकलचियों को नकल करते धर दबोचा गया।
सचल दल महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. सुभाष चन्द्रा के नेतृत्व में सदस्य प्रो. ज्योति पंत, डॉ. सौरभ वर्मा, डॉ. अमित सिंह, धर्म नारायण, मोहम्मद नज़ीफ व सत्येंद्र पाल सिंह को शामिल किया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमंत पाल ने बताया कि शासन एवं विश्वविद्यालय की मंशा के अनुरूप महाविद्यालय प्रशासन नकल-विहीन, अनुशासित एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।