जिला अस्पताल सभागार में हुई गोष्ठी, वार्डों में फल वितरण
जिला अस्पताल में शुक्रवार को फ्लोरेंस नाईटेंगल की याद में नर्सेज डे मनाया गया। इस मौके पर स्टाफ नर्सों ने वार्डों में भर्ती मरीजों में फल बांटे। इसके बाद अस्पताल सभागार में गोष्ठी कर लोगों की सेवा का संकल्प लिया।
नर्सेज डे के मौके पर राजकीय नर्सेज संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में कार्यक्रम किया। इस दौरान प्रभारी सीएमएस डॉ. आरके वर्मा, स्टाफ नर्स छंदा पांडे और रजनी मसीह ने न्यू सर्जिकल वार्ड, चिल्ड्रन वार्ड, बर्न वार्ड, आइसोलोशन वार्ड में भर्ती मरीजों में फल और बिस्किट बांटे। इसके बाद अस्पताल सभागार में गोष्ठी की, जिसका उद्घाटन प्रभारी सीएमएस ने फ्लोरेंस नाईटेंगल के चित्र को माला पहनाकर व दीप जलाकर किया। प्रभारी सीएमएस ने गोष्ठी में स्टाफ नर्सों को फ्लोरेंस नाईटेंगल के जीवन से प्रेरणा लेकर मरीजों की सेवा करने का संकल्प दिलाया। जिलाध्यक्ष रमाकांत पांडे ने कहा कि फ्लोरेंस नाईटेंगल ने अपना जीवन दूसरों की सेवा में गुजार दिया, हम सबको उनसे प्रेरणा लेकर सेवा को ही अपना धर्म समझकर मरीजों की सेवा करनी चाहिए। मंत्री रजनी मसीह ने कहा कि बगैर किसी भेदभाव के मरीजों की सेवा करनी चाहिए। इस दौरान प्रतिभा पांडे, माया, अंजू, ममता, सावित्री, माया आदि स्टाफ नर्स मौजूद रहीं।