लखीमपुर खीरी। शहर के प्रमुख चौराहों पर बुलेट समेत मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाले पांच वाहन पकड़े गए। पुलिस ने सभी को सीज कर दिया और इन पर कुल 36,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
यातायात पुलिस के अनुसार, चेकिंग में नियमों के विरुद्ध बदले गए साइलेंसर वाले वाहन पकड़े गए। इनसे तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा था। इससे बुजुर्गों, बीमार लोगों और राहगीरों को परेशानी हो रही थी। पांचों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया।
यातायात प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
-
बुलेट के तेज धमाकों से सहम रहे राहगीर और दुकानदार
मझगईं। कस्बे में बुलेट मोटरसाइकिलों से निकलने वाली तेज आवाज राहगीरों और दुकानदारों के लिए परेशानी बनी हुई है। बिना साइलेंसर और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट लेकर युवक बाजार और प्रमुख मार्गों पर फर्राटा भर रहे हैं। अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज से राहगीर और दुकानदार सहम जाते हैं।
कस्बे के व्यापारियों के मुताबिक, बुलेट सवार युवक बाजार में पहुंचते ही बाइक से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालते हैं। अचानक होने वाले धमाकों से लोग घबरा जाते हैं। कई बार दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोने से गिरते-गिरते बचते हैं।
व्यापारी रामासरे गुप्ता, जाबिर अली, उमेश कुमार, पंकज गुप्ता, अन्नूलाल गुप्ता और रामकुमार पटेल समेत अन्य लोगों ने बताया कि काफी समय से कस्बे में बुलेट सवार युवकों की मनमानी जारी है।
सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि कस्बे में चेकिंग अभियान चलाकर तेज आवाज करने वाली और बिना साइलेंसर वाली बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद