एसपी कार्यालय शिकायत करने पहुंचे कर्मचारी-स्रोत सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। एक फर्म में सेनेटरी पैड की पैकिंग की नौकरी के नाम पर जिलेभर की 5230 महिलाओं और 70 कर्मचारियों से करीब 12 लाख रुपये ठग लिए गए। लालपुर स्टेडियम के पास फर्म का कार्यालय खोलने वाले संचालक भी फरार हो गए हैं। एएसपी नैपाल सिंह से इस मामले की शिकायत की गई है।
बृहस्पतिवार दोपहर शिकायत करने वालों में आशीष, लवी वर्मा, सुशीला वर्मा, अंकुल शर्मा, प्रगति शुक्ला, आसिफ, गौरव कुमार, अरुण कुमार, विकास सक्सेना सहित अन्य लोग शामिल थे। इन लोगों ने बताया कि मार्च के महीने में आरकेडीएम प्राइवेट लिमिटेड नाम से लालपुर स्टेडियम के पास फर्म खुली थी।
फर्म संचालकों ने 70 कर्मचारियों को भरोसे में लेकर रोजगार पर रखा था। फर्म सेनेटरी पैड की पैकिंग का कार्य करवा रही थी, जिसके बाद कर्मचारियों को नौ हजार से लेकर 15 हजार पांच सौ रुपये तक तनख्वाह देने की बात कही थी। पूरा होने के कई दिन बाद भी हम लोगों को तनख्वाह नहीं मिली, जिस पर फर्म संचालकों से वार्ता की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तीन मई की देर रात फर्म के संचालक कार्यालय को बंद कर फरार हो गए। इधर, फर्म ने मेंबरशिप के जरिये 5230 महिलाओं को भी जोड़ा। उनसे 120 रुपये प्रति महिला वसूली कराई थी। इन महिलाओं में अधिकतर दिव्यांग और विधवा महिलाएं शामिल हैं। ये पैसा भी फर्म ने हड़प लिया।