जागा महकमा, 10 घंटे में पहुंचे जियो ट्यूब
लोग बोले-थैंक्स फॉर सपोर्ट अमर उजाला, जिंदा रखी उम्मीद
शारदा नदी में धीरे-धीरे समा रहे दंबलटांडा और इलाके को बचाने के लिए सोमवार के अंक में अमर उजाला ने जियो ट्यूब की कमी का मुद्दा उठाया तो अफसरों को अपनी जिम्मेदारी का अहसास हुआ। विधायक अरविंद गिरि के दखल के बाद एवं अखबार में खबर छपने के अगले दस घंटे में पांच जियो ट्यूब दंबलटांडा की साइट पर पहुंच गई, जिससे बचाव का काम ढीला न रहे। अखबार ने अपने अंक में अब तो जियो ट्यूब का ही सहारा शीर्षक से बॉक्स लगाया था।
अकालगढ़ तो अब कहानी बन चुका है। दंबलटांडा गांव का वजूद तो कई साल पहले मिट चुका है लेकिन यहां का आखिरी घर बचा हुआ है, शारदा का कटान दंबलटांडा गांव को जोड़ने वाली सड़क पर है, अगर यह कट गया तो इन कोठियों के अलावा कई गांवों को बचाना मुश्किल होगा। अकालगढ़ को बचाने में जियो ट्यूब के देर से मिलने का लोगों में मलाल है। विधायक अरविंद गिरि ने सोमवार को जियो ट्यूब की कमी न होने देने का अफसरों से कहा कि सोमवार को छह बजे तक दंबलटांडा की साइट पर पांच जियो ट्यूब भी पहुंच गई हैं। इतनी जल्दी जियो ट्यूब मिलने पर लोगों ने कहा- थैंक्स फॉर सपोर्ट अमर उजाला, कटान से बचाव की उम्मीद अभी जिंदा रखी है। जेई हितेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह से इन जियो ट्यूब को लगाया जाएगा।
बाढ़ खंड के जेई हितेंद्र कुमार ने नदी के हो रहे कटान को देखते हुए नदी का उत्तर दिशा में रुख जानने की कोशिश की। इसके लिए नाव से नदी के उत्तर दिशा में नदी की धार एवं पानी का बहाव जानने पहुंचे।