एजेंसी पर रखे 10 किलों के गैस सिलिंंडर। स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। गैस किल्लत के बीच जनपद में पर्याप्त मात्रा में पांच किलो वाले सिलिंडर उपलब्ध हो गए हैं, जिन्हें कोई भी व्यक्ति किसी भी एजेंसी से बिना दस्तावेज के ले सकता है। पांच किलो सिलिंडर लेने के लिए पहली बार में 1550 रुपये चुकाने होंगे। इसके बाद रिफिल पर करीब 650 रुपये खर्च होंगे।
पांच किलो के सिलिंडर आने से होटल, रेस्टोरेंट, ठेला संचालकों, श्रमिकों, छात्रों और दिहाड़ी मजदूरों के लिए यह राहत भरी खबर है। कितने सिलिंडर आए हैं, इसका सटीक आंकड़ा नहीं मिल सका है, लेकिन विभागीय अधिकारियों और एजेंसी संचालकों का दावा है कि पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति हुई है। हालांकि, ये पांच किलो के सिलिंडर घरेलू सिलिंडर के मुकाबले महंगे हैं, फिर भी किल्लत के दौर में इससे राहत मिलेगी।
अच्छी बात यह है कि इसके लिए न तो कनेक्शन कराने की जरूरत है और न ही लंबी लाइन में लगना पड़ेगा। सीधे एजेंसी पर जाकर सुरक्षा राशि और गैस की कीमत जमा करने पर सिलिंडर मिल जाएगा। भारत, इंडेन और एचपी गैस एजेंसियों पर पांच किलो के सिलिंडर उपलब्ध हैं, जबकि इंडेन एजेंसी पर 10 किलो वाले सिलिंडर भी आ गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि पांच किलो के सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।