निघासन। गोविंदपुरी वार्ड में सोमवार रात चोरों ने पांच घरों को निशाना बनाया। दो घरों से नकदी, चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात चोरी कर लिए, जबकि तीन अन्य घरों से चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन उठा ले गए।
बसंती पत्नी रामप्रसाद ने बताया कि चोर उनके घर से कुछ नकदी, चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी की एक चेन और एक मोबाइल फोन ले गए। किरन पत्नी मनीष के घर से चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी की एक चेन, चांदी की एक अंगूठी, कुछ नकदी, वाहन के कागजात और जन्म प्रमाणपत्र चोरी हो गया।
वार्ड के तीन अन्य घरों से भी चोर चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन उठा ले गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाल गोपाल नारायन सिंह और कस्बा इंचार्ज आदित्य यादव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ शिवम कुमार ने बताया कि मौके का मुआयना किया गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।