ममरी। पुलिस ने बांकेगंज के व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल के साथ 13 जनवरी की रात गोला बांकेगंज मार्ग पर हुई लूट के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से घटना में प्रयुक्त कार और तमंचे बरामद हुए हैं।
एएसपी अमित कुमार राय और सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि 19 जनवरी की रात बांकेगंज के व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल कार से घर जा रहे थे। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर ढाई लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। इसकी प्राथमिकी हैदराबाद थाना में दर्ज हुई थी। कई दिनों की मेहनत के बाद टीम ने हरिओम गुप्ता, निवासी मैगलगंज हाल पता नौचंडी मेरठ, आकाश वाल्मीकि, निवासी रुकनापुर मेरठ, अमान निवासी नंगली साधारणपुर मेरठ, विकास उर्फ लालू निवासी जन टेडी मेरठ, अंकित गुप्ता निवासी मोहल्ला सर्वोदय नगर गोला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके दो साथी भागे हुए हैं। एएसपी ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त कार, 315 बोर तमंचा, 1,09,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।