धनगढ़ी-नेपाल में नदी से सुरक्षित बाहर निकले बच्चों के साथ एपीएफ जवान।
धनगढ़ी (नेपाल)। नदी किनारे बकरी चराने गए पांच बच्चे नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी के बीचोबीच ऊंचे स्थान पर फंस गए। सूचना पर नेपाल सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने मौके पर पहुंचकर पांचों बच्चों को सकुशल नदी से बाहर निकाला।
कंचनपुर जिले के नेपाल सशस्त्र पुलिस के डीएसपी भीम बहादुर चंद ने बताया कि दोदोधरा चांदनी नगर पालिका के बडूबल गांव निवासी बच्चे नदी किनारे मायापुरी जंगल के पास बकरी चराने गए थे। जोगबुढ़ा नदी में अचानक बाढ़ का पानी आ जाने से नदी का जलस्तर बढ़ गया। पांच बच्चे नदी के पास ऊंचे स्थान पर फंस गए। चारों ओर पानी होने के कारण वह चिल्लाकर मदद की गुहार लगाने लगे। उधर, से गुजर रहे कुछ लोगों ने यह देखकर पुलिस को सूचना दी।
जिसके बाद मौके पर 12 एपीएफ जवानों की टीम पहुंची और पांचों बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों की पहचान 9 वर्षीय सानू दमई, 12 वर्षीय खुशी राना, 11 वर्षीय रोशनी सुनार, 9 वर्षीय भावना सुनार, 10 वर्षीय मुस्कान दमई के रूप में हुई। जिनको सकुशल उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।