रेंजर ने ग्रामीणों को नहर किनारे जाने से किया मना
निघासन। लखहा गांव के पास बाघ के बच्चे की सूचना पर पहुंचे लुधौरी रेंज की टीम ने जायजा लिया तो वहां पर फिशिंग कैट के बच्चों के पगचिह्न मिले। हालांकि फिशिंग कैट वहां नहीं मिली।
लखहा के ग्रामीण नहर किनारे खेतों में काम कर रहे थे। अचानक पड़ोस के गन्ने के खेत से दो फिशिंग कैट खेलती दिखाई दीं, जिन्हें ग्रामीण बाघिन के बच्चे समझकर डर गए और वहां से भाग गए। उन्होंने सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। टीम के पहुंचने से पहले वहां पर काफी भीड़ जमा हो गई थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने किसी तरह ग्रामीणों को वहां से हटाया और गन्ने में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान वहां पगचिह्नों के अलावा कुछ नहीं मिला।
लुधौरी रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को शारदा नहर के किनारे जाने से मना किया गया है। फिशिंग कैट झील, तालाब, नहर आदि स्थानों पर मछली का शिकार करने के लिए आती हैं। बच्चों की मां उसे लेकर चली गई है। फिर भी ग्रामीणों को वहां जाने से मना किया गया है।