महेवागंज। शारदानगर के अटकोहना गांव में मेड़बंदी को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद एक पक्ष के छह लोग दूसरे के घर में घुस गए और तोड़फोड़ कर महिलाओं से मारपीट की। इसमें तीन लड़कियों को चोट आई है। पुलिस ने उन्हें मेडिकल के लिए भेजा है।
शारदानगर क्षेत्र के ग्राम अटकोहना में आसिफ और अमीन के खेत करीब है। बुधवार को आसिफ के खेत का किनारा किसी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस पर आसिफ पक्ष के लोगों ने अमीन के घर वालों पर जानबूझकर मेड़ काटने का आरोप लगाया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि देर शाम कुछ लोगों ने अमीन के घर पर धावा बोल दिया। जमकर मारपीट हुई। इसमें अमीन के घर की निशा, जूली और समीम बानो चोटिल हो गई। तोड़फोड़ कर सामान भी उठा ले जाने का आरोप है।
प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम ने बताया कि मेड़बंदी को लेकर मारपीट हुई है। बीच बचाव में दो लड़कियों को चोट आई है। जिन्हें मेडिकल के लिए भेजा गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।