लखीमपुर खीरी। जिले में सैकड़ों मीट्रिक टन खाद आने के बाद भी एक माह से संकट बरकरार है। किसानों को एक-एक कट्टा खाद पाने के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। वह सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं, लेकिन शाम को उन्हें मायूस लौटना पड़ता है। आखिर क्या वजह है कि किसानों को खाद नहीं मिल पा रही। खाद जा कहां रही है। प्रशासन अंकुश क्यों नहीं लगा पा रहा है। यह एक बड़ा सवाल है।
धौरहरा। समितियों में एक तरफ यूरिया आ रही है तो दूसरे दिन समाप्त हो जाती है। धौरहरा, जंगलवाली, सुजईकुंड़ा गुदरिया समिति में यूरिया आते ही किसानों की लंबी कतारें लग गईं। किसानों को एक आधार कार्ड पर एक बोरी दी जा रही है। गुदरिया गांव के तेज नरायन ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर 280 रुपये की यूरिया बेचे जाने की शिकायत की है।
भीखमपुर। मढ़िया बी पैक्स समिति पर सुबह से ही किसानों की भीड़ लग गई। समिति पर आए किसान विवेक तिवारी, राजेश कुमार, छुन्ना, शमशुद्दीन, मुख्तियार अली, अजय पाल, सुरेश कुमार, सैंपिल कुमार, हरिश्चंद्र गौतम ने बताया कि खाद पाने के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है। सचिव अपना मोबाइल बंद किए हुए हैं।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए बुलानी पड़ी पुलिस
बिजुआ। गोंधिया बी पैक्स समिति में यूरिया खाद वितरण के दौरान बृहस्पतिवार को भीड़ होने से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्र प्रभारी को पुलिस बुलानी पड़ी। भीरा कोतवाल गोपाल नारायण मय फोर्स के साथ पहुंचे। सभी किसानों को लाइन में खड़ा कराया। पुलिस की मौजूदगी में खाद बांटी गई। संवाद
हाथ में टोकन थामे भोर होते ही कतार में लग जाते हैं किसान
गोला गोकर्णनाथ। गोला के खुटार रोड स्थित कृभको कृषक भारती सेवा केंद्र पर किसान और उनके परिवार की महिलाएं खाद लेने के लिए कतार में लगे दिखे। दिनभर खड़े रहने के बावजूद एक भी बोरी यूरिया नसीब नहीं हुई। अगले दिन के लिए टोकन पकड़ा दिया। अफरातफरी के बीच कुंभी ब्लॉक एडीओ कृषि हरि किशोर मिश्रा और एटीएम अजीत सिंह की मौजूदगी में यूरिया बंटवाई गई। कृभको कृषक भारती सेवा केंद्र प्रभारी विपेंद्र प्रताप सिंह खाद लेने वालों की बहुत अधिक भीड़ हो रही है। दिक्कत न हो इसके लिए टोकेन व्यवस्था की है। संवाद
किसानों ने बयां की अपनी-अपनी परेशानी
करीब 10 किलोमीटर दूर से आए अन्नापुर निवासी जगदीश प्रसाद ने बताया कि दो दिन से लगातार पूरे दिन खड़े रहने के बावजूद खाद नहीं मिली है।
कोंधवा निवासी विवेक ने बताया कि मनमाने ढंग से खाद दी जा रही है। अगले दिन आना कहकर कर्मचारी वितरण रोक देते हैं।
विष्णुबेहड़ निवासी शकुंतला देवी पत्नी हेमराज ने बताया कि कल भी आए थे, आज भी सुबह से लाइन में लगे हैं। चार घंटा हो गया है।
करीब 10 किलोमीटर से आई रामगुनी पत्नी गयादीन ने बताया कि जब खाद मिलने में इतनी परेशानी हो रही, तो आगे खेती किसानी कैसे होगी।
नगरा सलेमपुर निवासी कुसमा देवी पत्नी बलराम ने बताया कि कल पूरे दिन लाइन में लगने के बाद शाम को टोकन मिला। आज सुबह से लाइन में लगे हैं।
खास लोगों को 10-10 बोरी देने के सवाल पर भड़के प्रभारी
मैगलगंज। खास लोगों को 10-10 बोरी यूरिया देने के सवाल पर मंडी स्थित इफ्को केंद्र पर प्रभारी विनोद चौधरी एक मीडियाकर्मी पर भड़क गए। केंद्र प्रभारी ने कहा कि वह अपना बोरिया-बिस्तर बांध के रखते हैं, जो करना है कर लो। इससे पहले भी केंद्र प्रभारी कई बार किसानों पर भड़क चुके हैं। इधर, महिलाओं का आरोप है कि पूरा दिन लाइन में लगने के बाद खाद नहीं मिली, जबकि कुछ खास लोगों को सीधे अंदर बुलाकर खाद दी जा रही है। केंद्र प्रभारी के इस रवैये से किसान संगठनों ने शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। संवाद
गोला के कृभको कृषक भारती सेवाकेंद्र पर यूरिया लेने के लिए किसानों की भीड़। संवाद
गोला के कृभको कृषक भारती सेवाकेंद्र पर यूरिया लेने के लिए किसानों की भीड़। संवाद
गोला के कृभको कृषक भारती सेवाकेंद्र पर यूरिया लेने के लिए किसानों की भीड़। संवाद
गोला के कृभको कृषक भारती सेवाकेंद्र पर यूरिया लेने के लिए किसानों की भीड़। संवाद
गोला के कृभको कृषक भारती सेवाकेंद्र पर यूरिया लेने के लिए किसानों की भीड़। संवाद
गोला के कृभको कृषक भारती सेवाकेंद्र पर यूरिया लेने के लिए किसानों की भीड़। संवाद