लखीमपुर खीरी। नगरीय स्वास्थ्य केंद्र नौरंगाबाद की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृतिका वर्मा ने डिप्टी सीएमओ पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और सीएमओ पर शिकायत पर संज्ञान न लिए जाने का आरोप लगाया है। प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर महिला चिकित्सक ने डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर त्याग पत्र देने की पेशकश की है। वहीं सीएमओ ने इस मामले की जांच एसीएमओ को सौंपी है।
महिला चिकित्सक ने बताया कि वह नौरंगाबाद नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले एक साल से तैनात हैं। नोडल एवं डिप्टी सीएमओ डाॅ. लालजी पासी मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। बिना संसाधन के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ महुैया कराने में दिक्कत आ रही है। अब तक जो भी कार्य कराएं हैं, उनका भुगतान तक नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि 2022-23 में सामान्य प्रसव की लाभार्थियों का न तो रजिस्ट्रेशन हुआ और न ही बच्चों को जन्म प्रमाणपत्र मिला और न ही महिलाओं को जननी सुरक्षा का भुगतान। शासन स्तर से लाखों रुपये का भुगतान दिए जाने के बावजूद स्थानीय जिम्मेदारों की लापरवाही से अस्पतालों में अव्यवस्थाएं हैं।
इस संबंध में नोडल अधिकारी डाॅ. लालजी पासी व सीएमओ से बात करने पर इन्हीं साधनों में कार्य करो या फिर नौकरी छोड़ दो का जवाब मिलता है। डॉ. कृतिका का कहना है कि प्रताड़ना से ही आजिज आकर महिला चिकित्सक डाॅ. वीना मदेशिया ने भी नोडल पर मानसिक शोषण आदि का आरोप लगाया था। इस पर सीएमओ ने उनका तबादला कर दिया। प्रताड़ना से आजिज आकर ही डाॅ. तान्या यादव, स्टाफ नर्स आकांक्षा पाण्डेय भी त्याग पत्र देने के लिए मजबूर हो गई। डाॅ. लालजी पासी हर बार अनैतिक पत्र बनाकर संविदा समाप्त करने एवं वेतन काटने की धमकी देते हैं। कई बार वेतन भी काटा जा चुका है। नोडल अधिकारी की मनमानी व अभद्र भाषा से समस्त स्टाफ परेशान है।
इस मामले की जांच कराई जा रही है। इसके लिए एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता को नामित किया गया। रिपाेर्ट के आधार पर कार्यवाही होगी।
- डॉ. संतोष गुप्ता सीएमओ