लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली स्थित एक गांव निवासी पिता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर पुत्री के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।
आरोप है कि गांव के ही तीन लोग उसकी पुत्री को जबरन उठा ले गए और उसके साथ बुरा काम किया। घटना के दो दिन बाद ही उसकी मौत हो गई। एसपी को दी गई तहरीर में पीड़ित पिता ने बताया कि पांच दिसंबर को गांव के ही तीन लोगों ने मिलकर उसकी पुत्री को जबरन अपने साथ ले गए। आरोप है कि तीनों ने घर से करीब 400 मीटर दूरी स्थित एक मकान में पुत्री के साथ दुष्कर्म किया और उसे धमकाते हुए उसे वहीं छोड़कर भाग गए। किसी तरह पुत्री ने इस बात की जानकारी दी तो पिता अपने भतीजे के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और पुत्री को घर लेकर आया।
परिजनों के मुताबिक, पुत्री के शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी हालत खराब थी। घटना के दो दिन बाद यानी सात दिसंबर को पुत्री की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही आरोपियों ने जबरन दबाव बनाकर शव दफन करवा दिया और पिता को घर में ही बंधक बना लिया।
किसी तरह बंधनमुक्त होने के बाद पीड़ित पिता एसपी कार्यालय पहुंचा और पीड़ा सुनाई। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत करते हुए पुत्री के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराए जाने की मांग की है।
वर्जन
अभी तक कोतवाली पुलिस को किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार सिंह, कोतवाल