जमीन का बैनामा कराने से इंकार करने पर दिया वारदात को अंजाम
गांव शेखनपुरवा में जमीन का बैनामा कराने से इंकार करने पर भड़के एक युवक ने अपने पिता को चाकू से कई प्रहार कर दिए, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने घायल पिता को सीएचसी में भर्ती कराया है। आरोपी पुत्र घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
शेखनपुरवा निवासी घायल 60 वर्षीय दिनेश मिश्रा ने बताया कि उसके नाम 10 एकड़ भूमि है। उसका पुत्र शिवांशु इस भूमि को अपने नाम कराने का कई दिनों से दबाव बना रहा था। सोमवार की दोपहर करीब दो बजे उसने फिर जमीन नाम कराने का दबाव बनाया तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज शिवांशु उनके साथ गालीगलौज करने लगा। जब उन्होंने विरोध किया तो वह चाकू निकाल लाया और उन पर चाकुओं से कई प्रहार कर दिए। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और डायल 100 को सूचना दी। पुलिस को आते देख आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने खून से लथपथ घायल दिनेश मिश्रा को सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल पिता की तहरीर पर आरोपी पुत्र शिवांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।