अस्पताल में भर्ती घायल छात्राएं-संवाद
निघासन। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर लगने से रकेहटी निवासी जितेंद्र की मौत हो गई और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों बेटियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रकेहटी निवासी माता प्रसाद चतुर्वेदी ने बताया कि उनके मंझले बेटे जितेंद्र चतुर्वेदी (38) की दो पुत्रियां वैष्णवी (12) कक्षा नौ और मानसी (10) कक्षा सात में पढ़ती हैं। छुट्टी के समय उनको लेने के लिए बाइक से बेटा जितेंद्र गया था। वापसी के दौरान निघासन-ढखेरवा स्टेट हाईवे पर डिग्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो की बाइक में टक्कर लग गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला पहिया निकलकर दूर जा गिरा, और बाइक स्कॉर्पियो के नीचे फंसकर करीब 15 मीटर तक घिसटती रही। सड़क के उत्तर साइड में लगे एक पेड़ में टकराकर सड़क किनारे रुक गई। आवाज सुनकर घटना स्थल पर भीड़ जमा हो गई। वैष्णवी और मानसी के सिर में चोटें आई हैं और दोनों पैर टूट गए हैं।
हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक एसके मिश्रा ने बताया कि गाड़ी को कब्जे में लेकर मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।