मोहम्मदी। बैंक से रुपये निकालने के बाद डेढ़ साल के बेटे संग घर लौट रहे शाहजहांपुर जिले के रोजा क्षेत्र के दंपती की बाइक को सामने से अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। महिला की हालत गंभीर है।
हादसा मोहम्मदी-बरैंचा हाईवे पर बुधवार की देर शाम करीब पौने सात बजे हुआ। हादसे के बाद आरोपी चालक मय कार के फरार हो गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में दंपती की बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। मोहम्मदी पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के थाना रोजा के कोठिया भुंडी निवासी विमलेश (36) अपनी पत्नी शबनम (30) और डेढ़ साल के पुत्र पीयूष के साथ बाइक से मोहम्मदी में बैंक आए थे।
विमलेश समूह का पैसा निकालने आए थे। पैसा निकालने के बाद शाम को घर लौट रहे थे। अचानक मोहम्मदी-बरैंचा हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना जबर्दस्त था कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हाे गई, जबकि पत्नी शबनम गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद भीड़ एकत्र होते देख कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शबनम को सीएचसी मोहम्मदी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी है।