लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। लखीमपुर के सेठघाट पर व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना की।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
‘उग हे सूरज देव, अरघ के बेर...’ और ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल...’ जैसे छठ गीतों से सोमवार की सुबह लखीमपुर खीरी का सेठघाट गूंज उठा। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया।
विज्ञापन
तड़के से ही व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ शहर के सेठ घाट स्थित छठ पूजा स्थल पर पहुंचने लगीं। सुबह सूर्य की लालिमा दिखाई देने पर महिलाओं ने नदी के पानी में खड़े होकर विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की।
विज्ञापन
व्रतियों ने किया व्रत का पारण
घाट पर व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजन सामग्री, फल, फूल, ठेकुआ और सजे हुए सूप लेकर पहुंचीं। पूजा के दौरान छठ मैया के पारंपरिक गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने छठ मैया की पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और परिचितों को प्रसाद वितरित किया गया। ठेकुआ समेत अन्य प्रसाद श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ ग्रहण किया।
चार दिनों तक चले इस महापर्व के अंतिम दिन घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पूजा स्थल पर आस्था और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। वहीं सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं को चाय, बिस्किट और पानी वितरित कर सेवा की गई।