पलिया तहसीलदार को गन्ना भुगतान संबंधित ज्ञापन सौंपते किसान। संवाद
पलियाकलां। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले भारी संख्या में किसानों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को दिया है।
तहसीलदार आरती यादव को दिए गए ज्ञापन में किसानों ने कहा कि 16 जनवरी को मिल के यूनिट हेड से किसानों की वार्ता हुई थी, जिसमें किसानों से कहा गया था कि एक फरवरी 2024 तक बकाया भुगतान किसानों के खातों में भेजा जाएगा। लेकिन मिल प्रबंधन अपने वादे से मुकर गया और मात्र दो दिनों का ही भुगतान किया है।
किसानों का इस सत्र का करीब 220 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान मिल पर बकाया है। 31 जनवरी तक भुगतान न होने पर एक फरवरी से मिल की गन्ना पेराई बाधित करने की चेतावनी भी किसानों ने दी। इस दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पलिया तहसील अध्यक्ष तरसेम सिंह, संजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह समेत अन्य किसान मौजूद रहे।