बिजुआ। प्रैक्टिकल फीस के नाम पर 1100 रुपये वसूलने और रसीद भी न देने पर भीरा के मनमीत नगर महाविद्यालय के छात्र भड़क उठे। परीक्षक के सामने छात्रों ने जमकर हंगामा किया। कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाए। मामला शनिवार का है। छात्रों के हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लखीमपुर-भीरा स्टेट हाईवे पर स्थित मनमीत नगर महाविद्यालय में शनिवार को प्रयोगात्मक परीक्षा थी। परीक्षा के बाद परीक्षक के सामने वाइबा के नंबर चढ़ने थे। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन ने छात्रों से प्रैक्टिकल फीस के नाम पर 1100 रुपये लिए जा रहे थे। छात्रों ने प्रबंधन से 1100 रुपयों की रसीद मांगी, लेकिन कॉलेज प्रबंधन ने रसीद देने से मना किया तो छात्र भड़क गए। नारेबाजी करने लगे। अधिक रुपये वसूलने का आरोप लगाया। छात्रों ने कॉलेज में जमकर हंगामा किया।
मामले में महाविद्यालय के प्राचार्य शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कॉलेज कृषि बहुल क्षेत्र में पड़ता है। जिससे छात्र समय पर फीस नहीं जमा कर पाते हैं। विद्यार्थियों की सहूलियत के हिसाब से दो भागों में फीस का प्रावधान रखा गया है। इसीलिए छात्रों से दूसरे इंस्टॉलमेंट की फीस जमा कराई जा रही थी। जिसको लेकर छात्र नाराज थे। लेकिन बाद में छात्रों ने फीस जमा कर दी।