पहले दिन पांच किसान बैठे, मिल मालिक और अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की
पलियाकलां। बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर पिछले रविवार से धरने पर बैठे किसानों ने सोमवार से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। किसानों का कहना है कि जब तक बकाया भुगतान नहीं मिल जाता है तब तक धरना प्रदर्शन के साथ ही वह भूख हड़ताल जारी रखेंगे। किसानों ने मिल मालिक व मिल अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर भी रोष जताया। साथ ही गन्ना भुगतान न होने तक धरना प्रदर्शन के साथ ही भूख हड़ताल भी जारी रखने की चेतावनी दी।
पिछले रविवार से बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसानों द्वारा समिति में ताला डालने के बाद मिल में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। सोमवार को किसानों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। जिसमें पहले दिन भूख हड़ताल पर किसान श्याम पाल चंदेल, कुलदीप सिंह, हरमनजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, लक्ष्मण सिंह ने भाग लिया। किसान नेताओं व किसानों ने माल्यार्पण कर उनको भूख हड़ताल पर बैठाया।
उधर, मिल में चल रहे धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि पलिया थाने में मिल अधिकारियों पर एफआईआर हुए कई दिन बीत गए हैं, लेकिन अधिकारियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। यहां तक कि गोला चीनी मिल में विधायक अरविंद गिरि द्वारा मिल मालिक पर भी मुकदमा दर्ज कराया गया है, लेकिन उन तक पहुंचने का काम भी पुलिस नहीं कर पा रही है। साफ जाहिर है कि सरकार और प्रशासन भी मिल मालिक, अधिकारियों को बचाने का काम कर रहा है और किसानों को कोई सहयोग नहीं कर रहा है। इसके अलावा किसानों ने धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों की व्यथा सुनने न आने पर डीएम व जिला गन्ना अधिकारी के खिलाफ भी रोष जताया है। किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक पिछले सत्र का संपूर्ण गन्ना भुगतान नहीं होता है तब तक किसानों का आंदोलन चलता रहेगा।
चाय-नाश्ता व गन्ने के जूस का चलाया लंगर
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा व महंगापुर गुरुद्वारे के अलावा सेवादारों की तरफ से आंदोलन में शामिल गन्ना किसानों के लिए चाय-नाश्ते के साथ ही गन्ने केे जूस का लंगर कराया जा रहा है।
गोला विधायक ने बांटा किसानों का दुखदर्द
गोला गोकर्णनाथ। विधायक अरविंद गिरि ने सोमवार को भदेड़, तिनवा, बसलीपुर, पिपरिया गंगा आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर गन्ना किसानों का दुख दर्द साझा किया। कहा कि बजाज मिल मालिक और प्रबंधन के अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। यदि मिल मालिक व प्रबंधन अभी भी नहीं सुधरा तो गोला व क्षेत्र के गन्ना किसानों की सप्लाई कुंभी व गुलरिया हस्तांतरित करने की प्रक्रिया गन्ना आयुक्त से मिलकर करवाएंगे। संवाद
कोल्हू पर गन्ना बेचने को मजबूर किसान
ममरी। गोला चीनी मिल बंद होने के बाद किसानों ने अपना गन्ना क्रशर और कोल्हू पर बेचना शुरू कर दिया है। कोल्हू पर गन्ना लाए धिरावा के किसान आसिफ अली, मैनुद्दीन, जैनुल, खोखाय के दयाराम, कोंधवा फार्म के किसान रमनदीप सिंह आदि किसानों का कहना है कि वह गन्ना लेकर मिल जा रहे थे, लेकिन उन्हें अपना गन्ना 200 से 230 क्विंटल की दर से क्रशर और गुड़ कोल्हू पर बेच दिया है। किसानों का साफ कहना है कि मिल से जब तक भुगतान नहीं मिल जाता तब तक वह धरने पर बैठे किसान नेताओं के साथ हैं। संवाद
10वें दिन भीरा में किसानों ने शुरू किया क्रमिक अनशन
बिजुआ। केन सोसायटी भीरा में पलिया चीनी मिल द्वारा पिछले साल का बकाया भुगतान न करने के कारण आंदोलनरत किसानों ने सोमवार को 10वें दिन से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। अनशन पर पांच किसान वीरसिंह, दाताराम, गुरजीत सिंह, दारा सिंह, हरदेव सिंह बकाया भुगतान लेने के लिए बैठे हैं। पलिया चीनी मिल से संबंधित किसानों की अब सबसे प्रमुख मांग है कि पलिया चीनी मिल के सेंटरों को गुलरिया चीनी मिल से अटैच किया जाए। संवाद