पलियाकलां। बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड की पलिया चीनी मिल की ओर से आदिवासी बहुल गांव कजरिया में कृषक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान, शाहजहांपुर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. पीके कपिल, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अविनाश चंद्र तिवारी, महाप्रबंधक (गन्ना) राजीव तोमर, सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी समेत करीब 157 किसानों ने हिस्सा लिया।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. पीके कपिल ने शरदकालीन गन्ने की आधुनिक उत्पादन तकनीक और सहफसली खेती के फायदे बताए। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अविनाश चंद्र तिवारी ने उर्वरकों के संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बुआई के समय नाइट्रोजन की एक-तिहाई मात्रा और फास्फोरस व पोटाश की पूरी खुराक डालनी चाहिए।
महाप्रबंधक (गन्ना) राजीव तोमर ने बताया कि गन्ने के साथ आलू, लाही, मटर और चना उगाकर किसान अतिरिक्त लाभ ले सकते हैं। बेहतर उत्पादन के लिए उन्होंने को.-0118 और कोलख.-14201 जैसी उन्नत किस्में अपनाने की सलाह दी।
गोष्ठी में भोलाराम, मुन्नालाल, रामकिशन, प्रहलाद, राम बहादुर, सुशीला देवी और बतासो देवी सहित क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।