किसान दिवस में अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी
किसान दिवस में जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने गन्ने की खेती पर चर्चा करते हुए गन्ने के साथ सहफसली खेती करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अभी सट्टा नहीं बनवाया है, वेे संबंधित गन्ना समिति के माध्यम से 15 सितंबर तक निर्धारित शुल्क जमा कर पंजीकरण करा सकते हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में उप कृषि निदेशक डॉ शिवकुमार केसरी की अध्यक्षता में हुए किसान दिवस में किसानों के अलावा संबंधित विभागों अधिकारी और कृषि वैज्ञानिक शामिल हुए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ एसपी सिंह ने वर्षा से पहले किसानों को पशुओं का टीकाकरण कराने की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ सुहेल ने खेती के साथ-साथ नई तकनीक से फल और सब्जी की खेती के लिए वैज्ञानिक तरीके बताए। फसलों के साथ ही सब्जी तथा फलों की खेती को बढ़ावा देकर कृषि की आमदनी बढ़ाने के टिप्स दिए गए। कृषि वैज्ञानिक डॉ नागेंद्र कुमार त्रिपाठी ने पशुओं को साल भर हरा चारा खिलाने के बारे में जानकारी दी। अधिशासी अभियंता विद्युत तथा सहायक अभियंता नलकूप ने विद्युत यांत्रिक दोष से होने वाले नलकूपों की खराबी के संबंध में किसानों को जानकारी दी। राजकीय नलकूप में खराबी होने पर सूचना समय से देने की अपील की। अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि नहरों का संचालन 18 से प्रारंभ हो जाएगा, जिससे किसान भाई अपने धान की रोपाई समय से कर सकते हैं। कृषि रक्षा अधिकारी श्यामसुंदर ने सहभागी फसल निगरानी एवं निदान प्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल नंबर 9452247111 एवं 9452257111 पर कीट रोग के संबंध में एसएमएस करके तत्काल निदान करा सकते हैं। बीमारी के फोटोग्राफ्स वाट्सअप के माध्यम से भेज सकते है, जिसका निदान 24 घंटे के अंदर कराया जाएगा। भूमि संरक्षण अधिकारी गोमती धीरेंद्र सिंह, भमि संरक्षण अधिकारी जिला योजना बलराम वर्मा ने भूमि संरक्षण के कार्यों के संबंध में चर्चा की। उप कृषि निदेशक डॉ शिवकुमार केसरी ने कहा कि सभी किसान अपना पंजीयन अवश्य कराएं। कृषि विभाग की वेबसाइट अथवा कृषि विभाग के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर जाकर स्वयं करा सकते हैं, जोकि पूर्णत: निशुल्क है। उन्होंने बताया कि डीएम हेल्प लाइन के टोल फ्री नंबर 18001805060 पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर लोग समस्या का निदान करा सकते है।