पलियाकलां। सुहेली नदी की डीसिल्टिंग और नकहुआ पुल नाले की सफाई समेत विभिन्न मांगों को लेकर 32 दिन से चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कर दिया गया है।
विज्ञापन
दुधवा नेशनल पार्क के वार्डन महावीर सिंह की ओर से 45 दिन में कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर किसानों ने आंदोलन फिलहाल रोकने का निर्णय लिया। मकनपुर के पूर्व प्रधान करमजीत सिंह और गन्ना सहकारी समिति के डायरेक्टर प्रतिनिधि एवं प्रधान जरनैल सिंह ने बताया कि धरना समाप्त नहीं किया गया है, सिर्फ स्थगित किया है। 45 दिन में मांगों पर काम शुरू नहीं हुआ तो किसान दोबारा आंदोलन करेंगे और दुधवा मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। किसानों के मुताबिक, वार्डन महावीर सिंह खुद धरनास्थल पर पहुंचने वाले थे, लेकिन किशनपुर रेंज में किसी आकस्मिक घटनाक्रम के कारण उन्हें वहां जाना पड़ा। उनके आश्वासन पर किसानों ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया। संवाद