पलिया दुधवा मार्ग पर धरने पर बैठे किसान। संवाद
पलियाकलां। पलिया-दुधवा मार्ग पर पुलिया के पास किसानों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन बुधवार को 11वें दिन भी जारी रहा। किसान सुहेली नदी की डिसिल्टिंग और नकहुआ पुल नाले की सफाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन दोनों कार्य धरातल पर शुरू नहीं कराता, तब तक धरना जारी रहेगा।
किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल वन सचिव से मुलाकात के लिए लखनऊ रवाना हुआ है। अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। किसानों ने बताया कि आंदोलन को विभिन्न संगठनों का सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को सिख फाउंडेशन का प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देगा।