भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत बोले- अब तक नहीं मिला न्याय, अभी जारी रहेगा आंदोलन
26 नवंबर को प्रदेश की राजधानियों में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर करेंगे प्रदर्शन
जेल में बंद किसानों के परिजनों को दिए गए दो-दो लाख रुपये की चेक, पीएम को ज्ञापन भेजा
तिकुनिया (लखीमपुर खीरी)। ठीक एक साल पहले तीन अक्तूबर को हुई तिकुनिया हिंसा में मारे गए किसानों की याद में संयुक्त किसान मोर्चा ने कौड़ियाला गुरुद्वारा में बरसी मनाई। इस दौरान भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने मंत्री टेनी की बर्खास्तगी की मांग करते हुए सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया और आंदोलन जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानियों में 26 नवंबर को किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से जेल में बंद किसानों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये के चेक भी सौंपे गए।
संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को कौड़ियाला गुरुद्वारा में तिकुनिया हिंसा में मारे गए किसानों की बरसी मनाई। किसानों की प्रथम पुण्यतिथि और अरदास समागम में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कौड़ियाला गुरुद्वारा में मृतक किसानों को श्रद्धांजलि देने के बाद एक बार फिर मोदी सरकार व मंत्री टेनी को घेरा। टिकैत ने टेनी की बर्खास्तगी की मांग की। पत्रकारों से बातचीत में राकेश टिकैत ने कहा कि वह यहां पर शांति का संदेश लेकर आए हैं। पूरे देश में मारे गए किसानों का मुद्दा उठेगा। ब्लॉक स्तर पर धरना जारी रहेगा।
इसके बाद उन्होंने संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से जेल में बंद किसानों के परिवार के लोगों को दो-दो लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने जेल में बंद किसानों के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक लगातार आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से राकेश टिकैत के नेतृत्व में भाकियू की जिला इकाई ने पीएम मोदी को संबोधित एक मांग पत्र एसडीएम राजेश कुमार को सौंपा, जिसमें मंत्री टेनी को हिंसा का मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए मंत्री पद से उनकी बर्खास्तगी, जेल में बंद किसानों को निर्दोष बताते हुए उनकी रिहाई व किसानों के ऊपर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की गई। सभी मांगों को लेकर पीएम को संबोधित एक ज्ञापन भी भेजा गया।